नादौन में पुलिस को चकमा देकर फरार हुए वाहन चालकों का चालान काटते पुलिस कर्मी।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। पुलिस थाना नादौन के तहत ब्यास पुल पर लगे पुलिस नाके में पुलिस को चकमा देकर पंजाब नंबर के कार सवार भाग गए। नाके पर तैनात यातायात प्रभारी नरेश शर्मा ने बाइक पर गाड़ी का पीछा करते हुए नादौन कस्बे में उन्हें पकड़ लिया। इसके बाद गाड़ी सवार लोगों की खूब क्लास लगाई। हालांकि, गाड़ी सवारों ने माफी मांगकर जान छुड़ाई। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी का चालान किया।
मंगलवार को ब्यास पुल नादौन पर पुलिस ने नाका लगाया हुआ था। इस दौरान कांगड़ा की ओर से आ रही एक पंजाब नंबर की गाड़ी को जब जांच के लिए रोकने का प्रयास किया गया तो चालक ने गाड़ी आगे भगा दी। यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने मोटरसाइकिल पर पीछा करना शुरू किया और इस दौरान गाड़ी की वजह से वह दो बार गिरने से बचे। नरेश कुमार ने बस अड्डे के निकट वाहन को रोक लिया। इसके बाद वाहन में बैठे परिवार के लोगों ने उल्टा पुलिस को ही दोष देना आरंभ कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने चालान किया। चालान के बाद गाड़ी में बैठे लोगों के अपनी गलती मानी और माफी मांग कर जान छुड़ाई। यातायात प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि नाके पर वाहन न रुकने से पुलिस को शंका हुई। इसके बाद वाहन को पकड़कर चालान किया गया।