भोरंज और बमसन की पंचायतों के विकास कार्यों की हुई समीक्षा
पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के मिनी सचिवालय में भोरंज और बमसन की पंचायतों के विकास कार्यों की मंगलवार को समीक्षा बैठक की गई। इसमें भोरंज के विधायक सुरेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान भोरंज विधानसभा में आने वाली बमसन ब्लॉक और भोरंज ब्लॉक की पंचायतों के प्रधान, सचिव, ग्राम रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायकों ने भाग लिया व पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि भोरंज को नगर पंचायत बनाया जाएगा और बमसन ब्लॉक की 17 पंचायतें जो भोरंज उपमंडल के नजदीक हैं उन्हें शीघ्र भोरंज ब्लॉक में शामिल किया जाएगा। इसका सभी पंचायतों ने प्रस्ताव डालकर भेज दिया है। इस मौके पर भोरंज के एसडीएम संजय स्वरूप, बीडीओ कुलवंत सिंह, बीडीसी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह गारला व कर्मचारी उपस्थित रहे।