नादौन(हमीरपुर)। मुख्य बाजार नादौन में नए बस अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार को पंचायत समिति हाल में बस अड्डा निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि पर स्थित चार भवन परिसरों को गिराने के लिए बोली प्रक्रिया आयोजित की गई।
इसकी अध्यक्षता तहसीलदार नादौन पंकज कुमार ने की। उन्होंने बताया कि नए बस अड्डे के लिए किए गए भूमि अधिग्रहण क्षेत्र में आने वाले चार भवनों को हटाया जाएगा। इनमें नगर परिषद कार्यालय भवन, कृषि विभाग का गोदाम, कानूनगो कार्यालय और पटवार घर परिसर शामिल हैं।
नगर परिषद कार्यालय भवन को गिराने के लिए 53,500 रुपये, कृषि विभाग के गोदाम के लिए 25,750 रुपये, कानूनगो कार्यालय भवन के लिए 22,900 रुपये और पटवार घर परिसर के लिए 18,400 रुपये की बोली लगाई गई।
अब जल्द ही इन चारों भवन परिसरों को हटाकर भूमि को समतल किया जाएगा, ताकि नए बस अड्डे के निर्माण को आगे बढ़ाया जा सके।
स्थायी व्यवस्था तक नगर परिषद कार्यालय को न्यायालय परिसर के पास स्थित रैन बसेरा में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, कानूनगो कार्यालय और पटवार घर को पंचायत घर बेला में शिफ्ट कर दिया गया है।
वहीं, एसडीएम निशांत शर्मा ने बताया कि नए बस अड्डा परिसर के निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। कुछ शेष प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।