मेडिकल कॉलेज की पैथोलॉजी लैब के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते साइट इंजीनियर।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में नई पैथोलॉजी लैब की सुविधा इस माह के अंत से शुरू हो जाएगी। निजी कंपनी ने लैब स्थापित करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर संबंधी कार्य पूर्ण करवा लिया है।
अब उपकरणों और मशीनरी की फिटिंग जल्द ही शुरू होगी। एक सप्ताह में लैब तैयार होगी। इसके बाद इसे शुरू कर यहीं पर ही मरीजों की सैंपलिंग और रिपोर्ट दी जाएगी। इससे अस्पताल की सरकारी पैथोलॉजी लैब में उमड़ने वाली मरीजों की भीड़ और भीड़ के कारण होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय के पास नई लैब स्थापित करने का काम किया जा रहा है। लैब में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और लाइटिंग लगाई गई है। इस समय अस्पताल के 99 नंबर कमरे में मरीजों की खून व पेशाब की सैंपलिंग हो रही है। सैंपल जांच के लिए बाइक से मोहाली स्थित लैब भेजे जा रहे हैं। ऐसे में महज महत्वपूर्ण टेस्ट ही हो रहे हैं। बाकी टेस्टों के लिए सरकारी लैब में लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
लैब संचालित करने वाली कंपनी के साइट इंजीनियर अशरफ का कहना है कि इस माह के अंत में लैब शुरू कर दी जाएगी। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि कंपनी को लैब जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।