हमीरपुर/भोटा। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब से कांग्रेस सरकार सत्ता में आई है प्रदेश में सीमेंट और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए है। हालांकि, मोदी सरकार में देशभर में मंहगाई कम हो रही है, लेकिन प्रदेश में कांग्रेस सरकार लोगों पर मंहगाई की मार डाल रही है।
परिधि गृह हमीरपुर में जनसमस्याएं सुनने के बाद उन्होंने मीडिया कर्मियों के सवालों के जबाव में यह बयान दिया। इससे पहले सुबह 10:00 बजे सांसद अनुराग ठाकुर ने उखली में दिवंगत बसंती देवी की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया, जहाँ उन्होंने रक्तदाताओं की भारी भागीदारी की सराहना की और इसे मानवता की एक महान सेवा बताया। साथ ही उन्होंने एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के अंतर्गत पौधरोपण कर लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता राहुल गांधी अपनी लगातार हार को छिपाने के लिए बार-बार चुनाव आयोग और ईवीएम मशीनों पर दोष मढ़ते रहते हैं। बिहार चुनाव से पहले, राहुल गांधी और विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर झूठे आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं, जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने कई बार ऐसे दावों को खारिज किया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में राजीव गांधी की हत्या के कारण पूरे देश में आम चुनाव स्थगित कर दिए गए थे, जबकि कानूनी तौर पर केवल एक ही निर्वाचन क्षेत्र प्रभावित होना चाहिए था। हर कोई जानता है कि कैसे पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्तों को कांग्रेस सरकारों में राज्यपाल और कैबिनेट पदों से पुरस्कृत किया गया।
राहुल गांधी को बेकार का शोर मचाने के बजाय बिहार चुनावों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जनता अच्छी तरह जानती है कि कौन भ्रष्टाचार के खिलाफ है और कौन इसके पक्ष में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कड़े कदम उठाए गए हैं, ताकि कोई भी भ्रष्ट नेता चाहे वह प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री 30 दिनों से ज़्यादा जेल में रहने के बाद भी पद पर न रह सके।