हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में जलजनित रोगों से बचाव के लिए तैयारी शुरू हो गई है। मेडिकल कॉलेज में रखी पानी की पंद्रह से अधिक टंकियों की साफ-सफाई शुरू हो गई है।
पानी की टंकियों के ढक्कन को भी चेक किया जा रहा है। इसके अलावा डेंगू, मलेरिया सहित जलजनति रोगों की रोजाना अपडेट ली जा रही है। हालांकि अभी तक डेंगू, मलेरिया का कोई मामला नहीं आया है। मेडिकल कॉलेज में रोजाना 1000 से अधिक ओपीडी होती है। इसके अलावा कई मरीज यहां पर उपचाराधीन हैं। मरीजों को बेहतर पानी मिले, इसके लिए पानी की टंकियों की साफ-सफाई करवाई जा रही है।
दूषित जल के सेवन के कारण हैजा, पेचिस, टाइफाइड सहित अन्य रोग होते हैं। बरसात के दिनों में इन रोगों के बढ़ने की संभावना अधिक होती है। कॉलेज की ओर से अभी से तैयारी की जा रही है। मेडिकल कॉलेज की ओर से चिकित्सकों से इन मामलों की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार हो रही है। यदि ऐसा कोई मामला आता है तो बचाव के लिए आवश्यक तैयारी की जा सके।
उधर, मेडिकल कॉलेज के एमएस देसराज शर्मा ने कहा कि पानी की टंकियों की सफाई हो रही है। उन्होंने जलजनित रोगों से बचाव के लिए जागरूकता बड़ा हथियार है। डेंगू, मलेरिया का अभी तक मेडिकल कॉलेज में कोई भी मामला रिपोर्ट नहीं हुआ है।