संवाद न्यूज एजेंसी
लदरौर (हमीरपुर)। 11 केवी लदरौर-भोटा फीडर की मुख्य लाइन के तार टूटने से नौ ट्रांसफार्मर बंद हो गए। इससे फीडर के तहत आने वाली पट्टा, नंधन पंचायत और आसपास के करीब 15 गांवों में मंगलवार सुबह चार बजे से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली गुल होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप रहने से घरों में पानी गर्म करने, खाना बनाने और अन्य घरेलू काम प्रभावित हुए। दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ीं, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
सुबह अचानक बिजली गुल होने के बाद काफी देर तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। मुख्य लाइन में खराबी के कारण नौ ट्रांसफार्मरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रही। दोपहर 12:15 बजे आपूर्ति बहाल हो पाई।
नंधन पंचायत के रुथानी गांव में भी बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हुई। सुबह ड्यूटी और स्कूल जाने वाले लोगों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में हर चौथे दिन बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।