जनसंख्या दिवस पर आयोजित बैठक में सीएमओ हमीरपुर कर्मचारियों को दिशा निर्देश देती हुईं।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। विश्व जनसंख्या दिवस पर शनिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर डॉ. अर्चना सोनी ने की। इसमें डॉ. अर्चना सोनी ने कहा कि दुनिया में बढ़ती आबादी एक विस्फोट की तरह है और आबादी बहुत तेजी से बढ़ रही है। लेकिन संसाधन जैसे जमीन, मकान, नौकरियां, भोजन आदि बहुत कम हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अनचाहा गर्भ रोकना अति आवश्यक है। हर दंपती स्थायी व अस्थायी गर्भ निरोधक उपायों के बारे जानकारी ले। उन्होंने कहा कि जिला भर में इस पूरे महीने सभी 150 से अधिक स्वास्थ्य उपकेंद्रों व 39 से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य अस्पतालों में जनसंख्या स्थिरीकरण के कार्यक्रम चलते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी आशा, हेल्थ वर्कर व अन्य स्टाफ इस पूरे महीने जनसंख्या वृद्धि रोकने के उपायों की उपब्धता करवाएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ रमेश रत्तू ने कहा कि सभी सेवा प्रदत्त वर्कर कोरोना काल में गर्भवती व धात्री माताओं की देखभाल करें और उनको हेल्प लाइन नंबरों बारे बताएं। जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला ने पॉवर प्वाइंट के माध्यम से इस वर्ष के थीम में कोविड -19 में महिला और लड़कियों के यौन अधिकारों, प्रजनन रोगों से बचाव और सुरक्षा बारे विस्तार से जानकारी दी।
इस आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ रमेश रत्तू और जिला जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सतीश शुक्ला भी उपस्थित रहे। इस मौके पर शीला देवी, सलोचना, आशा वर्कर रंजुला, निशा, निर्मला, अंजू, रीना, समाजसेवी रीना, रंजना, कांता सीमा आदि ने भाग लिया।