हमीरपुर। सदर थाना क्षेत्र में चिट्टा बरामदगी के दो मामलों के बाद पुलिस ने नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। भोटा और हमीरपुर शहर में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों के संपर्क में पाए गए 10 लोगों को पूछताछ के लिए सदर थाना तलब किया है।
पुलिस ने सभी संदिग्धों के रैपिड किट से ड्रग टेस्ट किए हैं। पुष्टि के लिए उनके रक्त नमूने लेकर आरएफएसएल प्रयोगशाला भेजे गए हैं। पुलिस के अनुसार संदिग्धों की पहचान आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इन लोगों का नशे की खरीद, बिक्री या सेवन से कितना संबंध रहा है। यदि प्रयोगशाला रिपोर्ट में नशा सेवन की पुष्टि होती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
26 जुलाई को भोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप एक टैक्सी और अन्य वाहन से 5.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इसके बाद रविवार रात नगर निगम हमीरपुर के वार्ड नंबर-10 स्थित रामनगर में किराये के कमरे से 10.33 ग्राम चिट्टा और 7,000 रुपये नकद बरामद हुए थे।
इस मामले में पुलिस ने शशांक भारद्वाज, नवीन कपलेश और अश्वनी कुमार को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों मामलों के आरोपियों के बीच कोई आपसी कड़ी है या नहीं।
इसके अलावा जिले में चिट्टा की सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
कोट
नशे के खिलाफ अभियान जारी है। दोनों मामलों की हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपियों के संपर्क में आए लोगों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
-बलवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर