हमीरपुर। कृषि सहकारी सभा संगरोह में ऑडिट पैरा की खामियों की प्रारंभिक जांच के बाद हुए फर्जी ऋणों के खुलासे के बाद जिला पुलिस हमीरपुर की ओर से जांच शुरू कर दी गई है। इस विषय पर एसपी कार्यालय हमीरपुर की ओर से अवाहदेवी पुलिस चौकी को जांच के लिए पत्राचार किया गया है। इस मामले में पुलिस को कुछ और निवेशकों की ओर से शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने सहायक पंजीयक हमीरपुर से सभा से जुड़ा रिकॉर्ड मांगा है। कई निवेशक शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंच रहे हैं कि उनका पैसा सभा की ओर से उन्हें नहीं लौटाया जा रहा है। लाखों रुपये की एफडी मैच्योर होने के बाद भी पैसा नहीं दिया जा रहा है। मामले में भोरंज थाना में पहले ही एक एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
कुछ दिन पूर्व ही सहायक पंजीयक हमीरपुर कार्यालय की ओर से पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को कृषि सहकारी सभा संगरोह में ऑडिट पैरा में खामियों की विभागीय जांच में हुए खुलासों के आधार पर जांच की सिफारिश के लिए पत्र सौंपा गया था। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय हमीरपुर की ओर से संबंधित पुलिस चौकी अवाहदेवी को जांच के लिए पत्राचार हुआ। अब अवाहदेवी पुलिस चौकी की ओर से विभाग से रिकॉर्ड मांगा गया है। इस सभा में 10 साल के भीतर सचिव के परिजनों को करीब 13 करोड़ के ऋण और पौने आठ करोड़ के फर्जी ऋण जारी किए जाने का खुलासा हुआ था। इन तमाम खुलासों के बाद जिला पुलिस को सहकारिता विभाग की ओर से पत्राचार किया गया था। अब पुलिस ने जांच को तेज कर दिया है।
मामले कुछ और निवेशकों की शिकायतें मिली हैं। अवाहदेवी पुलिस चौकी के अंतर्गत यह क्षेत्र आता है। मामले में नियमों के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मामले के हर पहलू गंभीरता से जांच की जा रही है।
-भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर