हमीरपुर। हिमाचल भाजपा के पूर्व प्रदेश सचिव एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव रहे नरेंद्र अत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन उसके राजनीतिक दिवालियापन का परिचायक है।
मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तब वह भ्रम फैलाने और अनावश्यक विरोध का सहारा लेती है।
नरेंद्र अत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक सत्ता में रहकर भ्रष्टाचार की संस्कृति को बढ़ावा दिया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस पर प्रभावी अंकुश लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), डिजिटल भुगतान, सरकारी खरीद में पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों के माध्यम से जवाबदेह एवं पारदर्शी शासन व्यवस्था स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला, जबकि मोदी सरकार ने ईमानदार और विकासोन्मुख शासन का नया मानदंड स्थापित किया है। संवाद