हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर ने शहर में वाहन चालकों को सुविधा देने के लिए पार्किंग का निर्माण करवाया है। लेकिन, इन पार्किंगों का प्रयोग वाहनों को खड़ा करने के बजाय पौधों की नर्सरी तैयार कर अन्य कारोबार के लिए हो रहा है। इसका शहरवासियों ने कड़ा ऐतराज जताया है। इस पार्किंग को किराये पर दिए हुए नगर परिषद को एक साल का समय होने को आ गया है। लेकिन, अभी तक किरायेदारों के साथ नगर परिषद रेंट डीड नहीं बना पाया है।
उपायुक्त हमीरपुर ने एक माह पूर्व आयोजित सोमवार साप्ताहिक समीक्षा बैठक में नगर परिषद को एक माह पूर्व इस संदर्भ में आदेश भी जारी किए थे। लेकिन, अभी तक आदेशों का पालन नहीं हो पाया है। उपायुक्त के आदेशों को ठेंगा दिखाकर पार्किंग में अन्य कारोबार कर किरायेदार चांदी कूट रहे हैं। वहीं, बाल स्कूल मैदान में प्रवेश के लिए बनाए गए गेट पर भी अवैध रेहड़ियां लगाई जा रही हैं। शहरवासियों में अरुण शर्मा, प्रदीप सिंह, ओम प्रकाश, सुमित,जय किशन, अनिल, सुरेश और विनय ने कहा कि शहर में खरीदारी करने आने वाले ग्राहकों की सुविधा और स्थानीय लोगों की सहूलियत के लिए नगर परिषद ने सालों पहले पार्किंग का निर्माण करवाया था। लेकिन, यहां पर वाहनों को खड़ा करने के बजाय पेड़ पौधों का कारोबार किया जा रहा है। जिससे वाहन मालिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, नगर परिषद के ईओ किशोरी लाल ने कहा कि इस बारे में कुछ लोगों ने शिकायत की है। जिसके बाद संबंधित किरायेदार को नियमों का पालन करने के लिए बोल दिया है। ईओ ने कहा कि पार्किंग की रेंट डीड अभी तक नहीं बनाई गई है।