तूफान के कारण बड़सर में गिरा बिजली का खंभा।
- फोटो : Hamirpur-HP
बड़सर/बिझड़ी (हमीरपुर)। जिले में मंगलवार रात आए तूफान ने खूब तबाही मचाई है। जिला मुख्यालय में रात दस बजे बिजली गुल होने से लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। वहीं, अंधड़ से बड़सर क्षेत्र में चीड़ के कई पेड़ गिरने से यातायात और विद्युत सेवा प्रभावित हुई है। क्षेत्र में बिजली के कई पोल टूट गए हैं और कई स्थानों में यातायात भी अवरुद्ध हुआ है। डटवाल क्षेत्र में कई किसानों के पॉलीहाउस फट गए हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
किसानों ने सरकार से राहत राशि की मांग की है। बड़सर और कोटला सब डिविजन के अंतर्गत गांवों में रात्रि से ही बिजली बंद है। बिजली कर्मचारी सुबह से ही बिजली ठीक करने में जुटे हुए हैं। लेकिन दोपहर बाद तक सेवा बहाल नहीं हो पाई है। क्षेत्र के गलू, चंबेह, राइयां, कलौंहण, ज्योली देवी, दांदडू, जौड़े अंब, विरसवीं, हरसौर, चंबेह, पथल्यार, बरोली, रैली जजरी, चकमोह, कलवाल में देर रात से बिजली आपूर्ति बाधित है। ढटवाल क्षेत्र के किसानों मोहिंद्र लाल, रत्न चंद, किशन और राकेश किसानों ने बताया कि तेज तूफान से उनके पॉलीहाउस फट गए हैं। उन्होंने सरकार से सहायता की मांग की है। वहीं, आम के पेड़ों समेत अन्य फलदार पौधों को भी नुकसान पहुंचा है। कई जगह गेहूं की फसल को क्षति पहुंची है। विद्युत उपमंडल बड़सर के सहायक अभियंता राजेश भारद्वाज ने बताया कि तेज तूफान के चलते बिजली के खंभों पर चीड़ के पेड़ गिर चुके हैं। जिस कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। लेकिन बिजली विभाग के कर्मचारी सुबह से ही बिजली बहाल करने में जुटे हैं। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।