बाबा बालक नाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में रविवार को हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका। कोरोना के चलते जहां बीते रविवारों को श्रद्धालुओं की संख्या सीमित रह रही थी। वहीं, इस रविवार आठ हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा के दरबार में माथा टेकने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ी रही। श्रद्धालुओं में सामाजिक दूरी भी नहीं दिखी।
कोरोना से बेखौफ श्रद्धालु मंदिर परिसर में बाबा के जयकारे लगाते हुए गुफा की ओर बढ़ते रहे। हालांकि, प्रशासन ने कोरोना नियमों का पालन करने के लिए विशेष रूप से हिदायत दी थी लेकिन, भीड़ एक दूसरे के साथ लगकर ही बाबा के दर्शनों के लिए गुफा तक पहुंची। पुरुषों के साथ-साथ महिला श्रद्धालुओं ने भी हजारों की संख्या में माथा टेका।
श्रद्धालुओं की तादाद बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों के चेहरे पर भी रौनक लौटी है। कोरोना काल में ठप पड़े व्यवसाय के अब पटरी पर लौटने की उम्मीद बंधी है। मंदिर अधिकारी कृष्ण कुमार ठाकुर ने बताया कि रविवार के दिन श्रद्धालुओं का आंकड़ा आठ हजार के करीब पहुंचा। श्रद्धालुओं को कोविड-19 नियमों का पालन कर बाबा के दर्शन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से भी जागरूक करवाया जा रहा है।