नादौन। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत जलाड़ी गांव की एक बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रा ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली है। छात्रा के फंदा लगाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
रविवार को जलाड़ी गांव की 23 वर्षीय छात्रा ने अपने कमरे में फंदा लगा लिया। वह सिरमौर में बीएससी एग्रीकल्चर की पढ़ाई कर रही थी। घटना के समय छात्रा और उसकी माता ही घर पर थे। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे जब छात्रा की मां अपने दैनिक कार्य कर बेटी को बुलाने उसके कमरे में गई तो उसके पांव तले से जमीन खिसक गई।
उसकी बेटी फंदे से झूली हुई थी। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग घर पहुंचे और छात्रा को नादौन अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के पिता और भाई पंजाब में रहते हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।