नादौन (हमीरपुर)। फिल्मी स्टाइल में कांगड़ा के ज्वालामुखी के बालू गलोआ क्षेत्र के युवक को घर से उठाकर नादौन के जलाड़ी क्षेत्र के जंगल में पेड़ से बांधकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक को नादौन पुलिस ने आरोपियों से छुड़वाया और नगरोटा बगवां पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को सूचना मिली कि नादौन के जलाड़ी के निकट चुनान गांव के जंगल में कुछ युवक शराब पीकर हुड़दंग मचा रहे हैं।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कहानी कुछ और ही निकली। वहां पांच युवक एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे। पीड़ित ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी मासी का बेटा और उसके दोस्त उसके घर बालू गलोआ पहुंचे और उसके साथ मारपीट करके नादौन के चुनान गांव के जंगल में ले आए। जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई और नाले की ओर धकेल दिया। उसने कहा कि उसे पेड़ से भी बांधा गया था। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ कर पीड़ित सहित मेडिकल करवाया। मामला नगरोटा बगवां पुलिस का होने के कारण उन्हें नगरोटा बगवां पुलिस को सौंप दिया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।