संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर के फार्मासिस्ट आशीष कुमार को वर्ष 2026 के राष्ट्र गौरव सम्मान के लिए चुना गया है। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया ने देशभर से चयनित 41 प्रतिभाओं में आशीष कुमार को शामिल किया है।
उन्हें 23 अगस्त को बिलासपुर के भाषा एवं संस्कृति सभागार में आयोजित नौवें राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। आशीष कुमार मेडिकल कॉलेज में मरीजों को समय पर दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ दवा व्यवस्था से जुड़े कार्य जिम्मेदारी से निभा रहे हैं।
खास बात यह है कि उन्होंने चार वर्षों से एक भी छुट्टी नहीं ली है। निर्धारित ड्यूटी समय के बाद भी वह मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाते हैं। हिमकेयर के मरीजों के लिए वह 24 घंटे सेवाएं दे रहे हैं और देर रात जरूरत पड़ने पर कई बार स्वयं घर से आकर दवाइयां उपलब्ध करवा चुके हैं।
समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र बच्चन ने बताया कि समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 41 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार होंगे।
प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ललिता कश्यप ने बताया कि समारोह में संस्था के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा दिल्ली, राजस्थान, बिहार और सारण इकाइयों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।