जिला मुख्यालय के कमलाह गांव में बिजली बोर्ड की टीम ने एक व्यक्ति को ट्रांसफार्मर से चोरी करते पकड़ा। बोर्ड टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को साढ़े 32 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
वहीं भविष्य में चोरी करने पर बिजली कनेक्शन काटने की चेतावनी दी है। रविवार देर शाम कमलाह गांव के एक व्यक्ति ने बोर्ड अधिकारियों को गुप्त सूचना दी कि रत्न चंद ने ट्रांसफार्मर से खुद ही बिजली कनेक्शन ले लिया है।
बोर्ड की टीम ने मौके पर पहुंच दबिश दी। इस दौरान बोर्ड की टीम ने कमलाह गांव के रत्न चंद को ट्रांसफार्मर से तार लगाकर बिजली चोरी करते पकड़ा। रत्न चंद ने ट्रांसफार्मर से बिजली लेकर घर में काम चला रखा था।
बोर्ड की टीम ने रत्न चंद को 32 हजार 832 रुपये जुर्माना लगाया है। जुर्माना राशि जल्द ही बिजली बोर्ड कार्यालय में जमा करवाने की हिदायत दी है। चेतावनी भी दी है कि यदि उसे दोबारा बिजली चोरी करते पकड़ा गया तो उसका कनेक्शन तुरंत प्रभाव से काट दिया जाएगा।
बिजली बोर्ड के एसडीओ सुनील कुमार चंदेल का कहना है कि बोर्ड टीम ने गुप्त सूचना पर आरोपी को बिजली चोरी करते पकड़ा और उसे 32 हजार 832 रुपये जुर्माना लगाया।