भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत भरेड़ी बाजार में लोगों को अब धूल और मिट्टी से राहत मिलेगी। मंगलवार को हुई बैठक में एसडीएम भोरंज ने सड़क निर्माण कंपनी को दिन में दो बार पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए हैं। बस्सी से तताहर तक सड़क निर्माण कार्य जारी है, जिसके चलते भरेड़ी बाजार में उड़ रही धूल, मिट्टी के कारण स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने ग्रामीणों, निर्माण कंपनी और लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। ग्रामीणों ने कहा कि धूल से न केवल दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा था, बल्कि राहगीरों और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने मांग रखी कि बाजार क्षेत्र में दिन में कम से कम तीन बार पानी का छिड़काव किया जाए। हालांकि कंपनी ने पानी की कमी का हवाला देते हुए इस मांग को पूरा करने में असमर्थता जताई। इसके बाद एसडीएम भोरंज ने कंपनी को दिन में कम से कम दो बार नियमित रूप से पानी का छिड़काव करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायत प्रधान पपलाह अंकुश सैणी, टेक चंद कौशल, मनोहर लाल, यशवंत भारद्वाज, गरसाहड़ उपप्रधान विकास शर्मा, पपलाह उपप्रधान अनूप शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि कंपनी ने भरेड़ी बाजार में दिन में दो बार पानी छिड़काव करने की सहमति दे दी है।