बिझड़ी (हमीरपुर)। घोड़ी धबीरी सड़क पर महारल स्कूल के पास नोहान जांगली चौक पर बने गड्ढे किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। सड़क पर दोनों ओर गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
नोहान जांगली चौक पर सड़क तंग है और दोनों ओर गहरी खाईयां हैं, जिससे यह स्थान और भी खतरनाक बन गया है। राहगीरों को तब और ज्यादा सावधानी बरतनी पड़ती है, जब बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। दोपहिया वाहन चालकों को तो इन गड्ढों से बचने के लिए गहरी खाई के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है।
स्थानीय निवासी प्रकाश चंद, मंशा राम, सुदर्शन कुमार, रेखा देवी, कांता देवी, अश्वनी कुमार, कुलदीप चंद, सुरेंद्र कुमार और स्कूली बच्चे रमन कुमार, अदिति, पंकज, पूनम, नंदिनी, अनुज सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से इन गड्ढों को भरने और सड़क के किनारे सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता देव राज ने बताया कि इन गड्ढों को कई बार भरा जा चुका है, लेकिन पानी जमा होने के कारण गड्ढे फिर से बन जाते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इन गड्ढों को फिर से भर दिया जाएगा और स्थायी समाधान निकालने का प्रयास भी किया जाएगा।