गलोड़ (नादौन)। पुलिस चौकी गलोड़ के तहत शुक्रवार को स्थानीय कस्बे में बिना मास्क घूम रहे पांच लोगों के चालान काटकर पुलिस ने पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला है। प्रदेश में लगातार बढ़ते जा रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के बाद सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। जिले में अब सड़कों, बाजारों में बिना मास्क घूमने वाले लोगों से 1000 रुपये जुर्माना वसूलने का प्रावधान किया गया है। गलोड़ पुलिस ने दुकानदारों, उपभोक्ताओं व राहगीरों को कड़ी हिदायत जारी की है। हालांकि, इन नए नियमों की जानकारी लोगों तक पहले ही पहुंच चुकी है। इसके चलते अब पहले से ज्यादा लोग मास्क लगाए हुए मिल रहे हैं।
कुछ दुकानदार व लोग अभी भी मुंह पर मास्क नहीं लगा रहे हैं। कुछ जगह पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नहीं हो रहा है। ऐसे ही लोगों पर कार्रवाई के लिए गलोड़ पुलिस ने अभियान तेज किया है। प्रशासन व पुलिस की सख्ती के चलते अब लोगों को एक हजार रुपये के जुर्माना का डर भी है। पुलिस चौकी गलोड़ के प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बिना मास्क घूम रहे 5 लोगों के चालान काटकर 5000 रुपये जुर्माना मौके पर वसूल कर लिया है। उन्होंने लोगों खासकर दुकानदारों से कहा है कि बिना मास्क व सोशल डिस्टेंसिंग के न रहें। कोरोना संक्रमण को रोकने में सबका सहयोग चाहिए।