फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: राज्य स्तरीय समारोह में कड़ी धूप में पानी को तरसे लोग, छांव भी नहीं हुई नसीब

Mon, 17 Aug 2026 12:51 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
राज्यस्तरीय समारोह में कड़ी धूप में बैठे लोग कई छाते का सहारा लेते हुए। संवाद।
विज्ञापन
बड़सर (हमीरपुर)। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी के बीच प्रशासन की तैयारियों की पोल भी खुलती नजर आई। समारोह को लेकर भव्य इंतजामों के दावे किए गए थे, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे आम लोगों को प्रचंड गर्मी और तेज धूप में मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझना पड़ा।
विज्ञापन

समारोह में कई लोग घंटों धूप में बैठकर कार्यक्रम देखने को मजबूर रहे। सबसे अधिक परेशानी पेयजल और छांव की व्यवस्था को लेकर सामने आई।
समारोह में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन गर्मी से राहत के लिए पर्याप्त छांव नजर नहीं आई। तेज धूप के बीच बैठे कई लोग पानी की तलाश में इधर-उधर भटकते दिखाई दिए। लोगों का कहना था कि मुख्यमंत्री की मौजूदगी वाले राज्य स्तरीय समारोह में कम से कम पेयजल, छांव और बैठने की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए थी।
स्थानीय लोगों में जीवन कुमार, राम निवास, दिले राम, शिवानी, रेखा कुमारी, सतीश कुमार, रोशन लाल और पृथ्वी राज आदि ने कहा कि समारोह स्थल पर उम्मीद से अधिक भीड़ पहुंचने का अनुमान प्रशासन को पहले से लगाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में लोगों को खुले मैदान में बैठाना व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है।
विज्ञापन

लोगों ने सवाल उठाया कि जब राज्य स्तरीय समारोह में ही आम जनता को पानी और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़े तो तैयारियों की निगरानी किस स्तर पर हुई। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व पर प्रशासन के दावों और मौके की स्थिति के बीच अंतर चर्चा का विषय बना रहा।

अतिरिक्त भीड़ के कारण बढ़ानी पड़ी व्यवस्था : एसडीएम
एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा ने कहा कि समारोह में मंच के दाई ओर लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। उम्मीद से अधिक लोग पहुंचे थे। ऐसे में अतिरिक्त कुर्सियां मैदान में लगानी पड़ीं। यहां टेंट लगाना संभव नहीं था। पानी के लिए काउंटर लगाए गए थे। आयोजन में लोगों को असुविधा न हो, इसके लिए पूर्ण प्रयास किए गए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें