हमीरपुर। प्रदेश सरकार के साथ सहमति के बावजूद डीए की लंबित किस्तें और एरियर जारी न होने से पेंशनर संगठनों में रोष है। निजी होटल में हुई पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति हमीरपुर की बैठक में पहली सितंबर को शिमला के चौड़ा मैदान में होने वाले धरना-प्रदर्शन में शामिल होने का निर्णय लिया गया।
समिति से जुड़े 18 संगठनों के 500 से अधिक पेंशनर प्रदर्शन में पहुंचेंगे। पेंशनरों ने कहा कि सरकार ने मेडिकल बिलों की अदायगी, एचआरटीसी से संबंधित कुछ मांगों और नगर निकायों के पेंशनरों को वर्ष 2016 के पे-स्केल के अनुसार पेंशन जारी करने जैसी मांगों को माना है।
इसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया। वहीं, 13 मई 2026 को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में 15 फीसदी डीए की कुछ लंबित किस्तों, 40 फीसदी एरियर और अन्य मांगों पर सहमति बनी थी। पेंशनरों का आरोप है कि इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं हुई हैं। इसी के विरोध में प्रदर्शन का निर्णय लिया गया।
बैठक में जिला प्रधान मनोहर लाल ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया, महासचिव यशवीर जमवाल, पुरुषोत्तम ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।