ताल/टौणी देवी(हमीरपुर)। गृह रक्षक कल्याण संघ के प्रदेशाध्यक्ष जोगिंद्र सिंह ने प्रेस बयान जारी कर होमगार्ड जवानों के लंबित मानदेय, भत्तों और वर्ष 2016 के एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के होमगार्ड जवान पुलिस और अग्निशमन विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सेवाएं दे रहे हैं। मेले, चुनाव, वीवीआईपी सुरक्षा, आपदा प्रबंधन सहित अन्य महत्वपूर्ण ड्यूटियों में उनकी अहम भूमिका रहती है। इसके बावजूद समय पर मानदेय और भत्तों का भुगतान न होने से जवानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जोगिंद्र सिंह ने कहा कि विधानसभा सुरक्षा ड्यूटी, पंचायत चुनाव ड्यूटी और पिछले वर्ष मणिमहेश यात्रा के दौरान तैनात जवानों के भत्ते और यात्रा व्यय का भुगतान अभी तक लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि होमगार्ड जवानों को कई मूलभूत सेवा लाभों से भी वंचित रखा गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और महानिदेशक, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा से मांग की है कि सभी लंबित मानदेय, भत्तों और वर्ष 2016 के शेष एरियर का जल्द भुगतान किया जाए, ताकि जवानों को राहत मिल सके।