नादौन (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन के अंतर्गत राजस्व विभाग के अधीन सेवारत एक पटवारी को ड्यूटी में कोताही का खामियाजा भुगतना पड़ा है। लोगों की शिकायतों के बाद इस मामले की जांच के बाद संबंधित पटवारी को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह दूसरी जगह तैनात पटवारी को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई उपायुक्त हमीरपुर के आदेशों पर अमल में लाई गई है।
आरोप यह भी है कि संबंधित पटवार सर्कल में अवैध कब्जों की कई शिकायतें आने के बाद न तो कोई मिसल बनाई गई और न ही इस बारे में रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित की गई। ग्रामीणों ने पटवारी की कार्यप्रणाली पर असंतोष प्रकट करते हुए उनके व्यवहार को लेकर भी प्रशासन से शिकायत की थी। जिस पटवारी के खिलाफ यह कार्रवाई अमल में लाई गई है वह सेवानिवृत्ति के बाद विभाग में सेवाएं दे रहा था। उधर, एसडीएम नादौन किरण बड़ाना ने बताया कि लोगों की शिकायत के चलते यह कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से एक ही स्थान पर कर्मचारी तैनात था। जिसे हटाकर फिलहाल दूसरी जगह सेवारत पटवारी राकेश कुमार को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। जब तक नई व्यवस्था नहीं हो जाती, राकेश कुमार 3 दिन संबंधित पटवारखाने में सेवाएं देंगे।