पटवारी एवं कानूनगो संघ की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। पटवारी एवं कानूनगो संघ हमीरपुर की बैठक रविवार को प्रताप सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में पटवार भवन हमीरपुर में आयोजित की गई। इसमें संघ ने मांग की है कि सरकार की ओर से अधिकृत मंदिरों में पटवारियों को नियुक्त न किया जाए। पटवारियों के पदों को अनुबंध आधार के बजाए उन्हें स्थायी तौर पर भरा जाए। पटवारी-कानूनगो संघ के भवन का रखरखाव आदि का कार्य तहसील कार्यकारिणी के जिम्मे सौंपा जाए। जो नए कानूनगो के पद सृजित हुए थे, उनके साथ एक चपरासी की नियुक्ति होने के बारे में राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई थी। लेकिन, तीन वर्ष पूरे होने के उपरांत इन पदों को जिला प्रशासन की ओर से नहीं भरा गया और न ही उपरोक्त नए कानूनगो वृत्तों को नए भवन एवं फर्नीचर की व्यवस्था की गई है।
कार्यालयों में लगाए अंशकालीन पार्ट टाइम वर्करों को तुरंत प्रभाव से पटवार वृत्तों या गिरदावर कानूनगो के साथ काम के लिए लगाए जाए। क्षेत्रीय कानूनगो वृत्त कांगू जो उपमंडल कार्यालय नादौन में दूसरे विभाग के विरुद्ध नियुक्त किया गया है, उसे वापस क्षेत्रीय कानूनगो वृत्त कांगू में नियुक्त किया जाए। जिला अभिलेख कक्ष के रिकार्ड को एक माह के भीतर संबंधित उपमंडल में शिफ्ट किया जाए तथा तीन कानूनगो के पद जो इस कार्य के लिए सरकार की ओर से अधिसूचित/सृजित किए गए हैं, उन्हें अन्य जिलों की भांति इस जिले में भी सृजित किया जाए।
बैठक के दौरान संघ के कई पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मीटिंग के दौरान कार्यकारिणी में आंशिक रूप से संशोधन किया गया। जिसमें प्रताप सिंह ठाकुर को जिलाध्यक्ष, अमरजीत सिंह को उपप्रधान, रविंद्र कुमार को महासचिव, देशराज चंदेल को मुख्य सलाहकार, अजय कुमार, वासु धर शर्मा, आशीष कौशल और सनम धीमान को उपाध्यक्ष, अवनीश कुमार को कोषाध्यक्ष, सुमन सतीश कुमार और बलवंत सिंह को राज्य प्रतिनिधि, तेज कुमार को प्रेस सचिव, राकेश कुमार को सह-कोषाध्यक्ष, गगनेश, तिलकराज, सपना कुमारी, रीना देवी और कमल देव को सदस्य, विशाल धीमान, कमलेश कुमार और अनिल कुमार को सलाहकार नियुक्त किया गया है।