हमीरपुर। स्वाइन फ्लू के मद्देनजर आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों के लिए एडवाइजरी जारी की है। संक्रमण से बचाव के लिए अस्पताल आने वाले लोगों को मास्क लगाने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर अनावश्यक संपर्क से बचने की सलाह दी गई है।
आयुर्वेदिक अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक वनीता शर्मा ने बताया कि जुकाम, खांसी, बुखार, गले में खराश, शरीर में दर्द या फ्लू जैसे लक्षण वाले मरीज मास्क पहनकर अस्पताल आएं। खांसते या छींकते समय निकलने वाली संक्रमित बूंदों से संक्रमण फैलने की आशंका रहती है, जिसे मास्क के इस्तेमाल से कम किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों से हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है। संवाद