11:23 पर मेडिसिन ओपीडी के बाहर चिकित्सकों का इंतजार करते मरीज व तीमारदार।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। सुबह 10 बजकर 50 मिनट हुए हैं। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की मेडिसन ओपीडी के बाहर लोग पर्ची लेकर खड़े हैं। ओपीडी में चिकित्सक नहीं हैं। मनोरोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भी खासी भीड़ है। अकसर यहां कम मरीज आते हैं। लोग बारी पहले डलवाने के लिए ओपीडी के बाहर कतारबद्ध हैं हालांकि चिकित्सक साढ़े ग्यारह बजे बैठेंगे। जिन मरीजों से कतार में खड़ा नहीं हो पाया, वह साथ लगते बैंचों पर बैठे हैं। 10:55 बजे ऑर्थो ओपीडी में भीड़ है और लोग बाहर खड़े हैं। प्राचार्य कार्यालय के पास चिकित्सक गेट मीटिंग कर रहे हैं।
11 बजे ग्यारह बजे गायनी, 11:14 बजे ईएनटी ओपीडी के बाहर मरीज बैठे हैं। ईएनटी के बाहर तो कई मरीज ओपीडी के दरवाजे के पास कतारबद्ध हैं। साढ़े ग्यारह बजे चिकित्सक ओपीडी में बैठे तो मरीजों की भीड़ एकाएक ओपीडी के बाहर जमा हो गई और कोविड नियमों का भी उल्लंघन हुआ।
दो घंटों से चिकित्सकों का इंतजार कर रहे मरीजों को अब जल्दी उपचार लेकर घर जाने की पड़ी है। इस कारण कई मरीज बहस भी कर रहे हैं। चिकित्सकों की दो घंटों की हड़ताल मरीजों के मर्ज को और बढ़ा रही है। इससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की फैकेल्टी चिकित्सक एसोसिएशन के अध्यक्ष और संयुक्त एक्शन कमेटी के सदस्य डॉ. संजय ठाकुर ने कहा कि कमेटी के आगामी निर्णय तक चिकित्सक दो घंटों की पेनडाउन हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी और कोविड सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।
11:25 पर मेडिसिन ओपीडी के बाहर चिकित्सकों का इंतजार करते मरीज व तीमारदार।- फोटो : Hamirpur-HP