संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर ने ओरल हाइजीन (मुख एवं दंत स्वच्छता) को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल शुरू की है।
इसके तहत अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों को सुबह और शाम नि:शुल्क दर्शन संस्कार चूर्ण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रतिदिन करीब 25 से 30 मरीज इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।
अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, दर्शन संस्कार चूर्ण एक आयुर्वेदिक औषधीय दंत मंजन है, जो दांतों और मसूड़ों को स्वस्थ रखने, मुख की दुर्गंध कम करने तथा मौखिक स्वच्छता बनाए रखने में सहायक है।
मरीजों को चूर्ण के सही उपयोग की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे नियमित प्रयोग से बेहतर दंत स्वास्थ्य बनाए रख सकें।
आयुर्वेदिक अस्पताल हमीरपुर की चिकित्सा अधीक्षक वनीता शर्मा ने बताया कि बदलती जीवनशैली और खानपान के कारण दांतों एवं मसूड़ों से संबंधित समस्याएं बढ़ रही हैं।
ऐसे में आयुर्वेदिक पद्धति के माध्यम से लोगों को ओरल हाइजीन के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।