अस्पताल में 11 बजे होता है चिकित्सकों का राउंड
शाम पांच बजे के बाद हो रहे हैं मरीज डिस्चार्ज
राउंड के कई घंटों तक मरीजों और तीमारदारों को भटकाया जा रहा इधर-उधर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के वार्डों में उपचाराधीन मरीजों को डिस्चार्ज करने में देरी की जा रही है। चिकित्सकों का सुबह वार्ड में 11 बजे राउंड होता है। इस दौरान वे स्वस्थ हुए मरीज को डिस्चार्ज करने के निर्देश दे देते हैं। लेकिन, कई मरीजों को शाम पांच बजे तक डिस्चार्ज नहीं किया जाता है। डिस्चार्ज संबंधी औपचारिकताओं के लिए मरीजों को इधर से उधर भटकना पड़ता है। बाद में अस्पताल कर्मचारियों की राह देखते रहते हैं। सुबह के बजाय इन्हें देर शाम को घर भेजा जा रहा है। इससे दूरदराज से दाखिल मरीजों को अपने घरों में पहुंचने में देरी होती है। राउंड के कई घंटों तक मरीज भटकते रहते हैं।
ऐसे में गरीब परिवार से संबंधित मरीजों को अपने घर जाने के लिए बस नहीं मिलती और टैक्सी कर उसे अपने घर जाना पड़ रहा है। समय पर डिस्चार्ज न होने से मरीजों और उनके तीमारदारों में अस्पताल प्रबंधन के प्रति रोष है। मरीजों एवं तीमारदारों नीलम, सुमित्रा, विजय, संतोष आदि ने कहा कि सुबह राउंड के दौरान जब चिकित्सक डिस्चार्ज लिखते हैं तो उसी समय मरीजों को भेज दिया जाना चाहिए ताकि दूरदराज के मरीज समय पर घर पहुंच सकें। इस संबंध में प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि चिकित्सक समय पर छुट्टी कर देते हैं और डिस्चार्ज संबंधी प्रक्रिया सभी को पूरी करनी पड़ती है।