संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी/दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के बैरियर नंबर दो पर रविवार को आधे घंटे तक जाम लगा रहा।
जाम के कारण मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंदिर न्यास की ओर से अप्पर बाजार में वाहनों को ले जाने के लिए पास अप्रूव नहीं किए गए थे। ऐसे में दो दर्जन से अधिक पास आवेदनकर्ता वाहनों के साथ बैरियर के पास पहुंच गए, जिसके चलते जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इससे श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय दुकानदारों को भी परेशान होना पड़ा। दुकानदारों संजय कुमार, ऋषि गुप्ता, विशाल, रजत, सोनू, अमन, राजेश आदि ने कहा कि मंदिर न्यास की ओर से अप्पर बाजार में वाहनों को ले जाने के लिए श्रद्धालुओं को ऑनलाइन मंजूरी पास दिया जाता है, ताकि दोनों लोअर और अप्पर बाजार में वाहनों की एक सामान स्थिति बन सके।
वहीं, रविवार को अधिकांश श्रद्धालुओं की ओर से पास के लिए आवेदन किया गया था। न्यास की ओर से पास अप्रूव न होने से आवेदनकर्ता श्रद्धालु बिना अनुमति के अप्पर बाजार पहुंच गए, जिससे गेट नंबर दो पर पुलिस कर्मी के रोकने के बाद वाहनों का जाम लग गया।