मुख्य बाजार बिझड़ी में नो पार्किंग जोन में खड़े वाहन। संवाद
बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के मुख्यालय में वर्षों बाद भी पार्किंग का निर्माण नहीं हो पाया है। पार्किंग की सुविधा न होने से बाजार में प्रतिदिन बेतरतीव तरीके से वाहन पार्क हो रहे हैं। इससे राहगीरों व अन्य वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाजार में पार्किंग की सुविधा न होने से गाड़ियां सड़क के किनारे और ताल स्टेडियम परिसर के साथ पार्क हो रही हैं। सबसे अधिक परेशानी बाजार के मुख्य कुआं और ब्लॉक चौक पर बनी हुई है। सुबह व शाम के समय बाजार में जाम लग रहा है, जिससे बाजार में कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों में मनोज कुमार, पवन कुमार, अमन, सुनील, राजेंद्र आदि ने कहा कि बाजार में तीन जिलों के ग्रामीण खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। सीमावर्ती होने के कारण बाजार में अक्सर भीड़ रहती है। पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोग मुख्य सड़क पर ही गाड़ियों को खड़ा करके खरीदारी के लिए चले जाते हैं।
बाजार पहले ही संकीर्ण है और अब गाड़ियों के बेतरतीब खड़े होने से समस्या और गंभीर हो गई है। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से बाजार में पार्किंग स्थल का निर्माण करने की मांग की है।
कोट
बाजार में पार्किंग समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत करवाया गया है, लेकिन समस्या का हल नहीं हो पाया है। पार्किंग सुविधा न होने से बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
-रणजीत शर्मा, प्रधान, व्यापार मंडल, हमीरपुर