पैरा स्पोर्ट्स में विजेता रहे हमीरपुर के पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ी।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन हमीरपुर के दिव्यांगों ने छठी राज्यस्तरीय दिव्यांग खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स कांप्लेक्स धर्मशाला में 25 दिसंबर से शुरू हुई दिव्यांगों की राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का 28 दिसंबर को समापन हो गया। हिमाचल प्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सौजन्य से आयोजित की गई इस राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर के विभिन्न श्रेणियों के 35 दिव्यांगों ने विभिन्न प्रकार की खेलों में भाग लेकर पदक हासिल किए। हमीरपुर अणु पंचायत की दीपिका ने महिला वर्ग की लोकोमोटर टी-46 श्रेणी में 800 मीटर, 100 मीटर तथा 400 मीटर में गोल्ड मेडल हासिल किया।
इसके बाद हमीरपुर की साक्षी ने 100 मीटर रेस में तृतीय स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में हमीरपुर के अमन ने तीन गोल्ड एक सिल्वर तथा एक ब्रांज मेडल हासिल किया। इसके बाद व्हील चेयर कैटेगिरी में हमीरपुर के राजन ने एक गोल्ड, 2 सिल्वर तथा एक ब्रांज मेडल हासिल किया। आदर्श शर्मा ने दो ब्रांज तथा एक सिल्वर मेडल हासिल किया। जोगिंदर सिंह ने डिस्कस थ्रो में 1 गोल्ड तथा शॉट पुट में सिल्वर मेडल और लांग जंप में ब्रांज मेडल हासिल किया। शगुन ने हमीरपुर के लिए शॉटपुट में टी-47 कैटेगिरी में गोल्ड हासिल किया तथा जैवलिन थ्रो में ब्रांज मेडल हासिल किया। हमीरपुर के बी दृष्टिबाधित श्रेणी में पुरुष वर्ग में 100 मीटर की रेस में विकास शर्मा ने जहां गोल्ड हासिल किया, वहीं उनके छोटे भाई सौरभ शर्मा ने 15 मीटर में एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया। परमजीत ने 100 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता तथा शॉटपुट में ब्रांज मेडल हासिल किया। मंथन राणा ने 1500 मीटर में सिल्वर मेडल जीता।
डिस्कस थ्रो में सिल्वर, पुरुष वर्ग की इसी श्रेणी में रिंपल ने सिल्वर मेडल हासिल किया। पावर लिफ्टिंग पुरुष वर्ग में हमीरपुर के राजन ने सिल्वर मेडल जबकि शॉटपुट में गोल्ड मेडल हासिल किया। इन प्रतिभागियों के साथ धर्मशाला गए हमीरपुर जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव सफल डोगरा ने बताया कि हमीरपुर के दिव्यांगों ने शानदार प्रदर्शन करके जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। हमीरपुर पैरा स्पोर्ट्स के अध्यक्ष डॉ. रविकांत और राजेंद्र सिपहिया ने हमीरपुर के जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार दर्जी का खिलाड़ियों के लिए निशुल्क बस सुविधा मुहैया कराने के लिए धन्यवाद किया।