भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के पपलाह में कृषि सहकारी सभा का भवन जर्जर हालत में है। भवन में कई स्थानों पर मरम्मत की जरूरत है, जबकि परिसर का शौचालय भी कई दिनों से बंद पड़ा है।
इससे यहां आने वाले लोगों और कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने संबंधित कमेटी से भवन का निरीक्षण करवाकर जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सहकारी सभा में क्षेत्र के लोग विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में भवन की खराब स्थिति हादसे का कारण बन सकती है। शौचालय बंद होने से विशेष रूप से महिलाओं और बुजुर्गों को दिक्कत हो रही है।
उन्होंने इसकी सफाई करवाकर इसे जल्द चालू करने की मांग की है। पपलाह पंचायत प्रधान सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भवन और शौचालय की समस्या उनके ध्यान में आई है। सभा की कमेटी के साथ बैठक कर जल्द समाधान करवाया जाएगा।
गरसाहड़ पंचायत प्रधान अर्णव जम्वाल ने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जरूरी है। समस्या के समाधान के लिए संबंधित कमेटी और पंचायत स्तर पर बातचीत की जाएगी।