हमीरपुर। हमीरपुर में पंचायत समिति हमीरपुर की त्रैमासिक बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा ने की। बैठक में खासकर सोलर लाइटों का मुद्दा एक बार फिर जोर-शोर से उठा।
समिति सदस्यों ने कहा कि 2022-23 में बजट जारी होने के बाद भी वार्डों में सोलर लाइटें नहीं लग पाई हैं। समिति के तहत करीब 48 सोलर लाइटें लगाई जानी हैं। अभी तक करीब 77 सोलर लाइटें लगी हैं। इसमें भी करीब 16 सोलर लाइटें खराब हैं। संबंधित कंपनी को जल्द से जल्द इन्हें ठीक करवाने के लिए कहा गया है। अणु से बडू तक सड़क की हालत खराब हो गई है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का विस्तार कार्य धीमी गति से किया जा रहा है। इस कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, हीरानगर-अमरोह सड़क पर कार्य भी धीरे चला हुआ है। बैठक में निर्णय लिया गया है कि लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखकर कार्य में तीव्रता लाने का अनुरोध किया जाएगा।
पंचायत समिति की ओर से विकास कार्यों के लिए पंचायतों को पैसा दिया गया था, लेकिन कुछ पंचायतों की ओर से कुछ पैसे को खर्च नहीं किया गया है। इस पैसे की रिपोर्ट बनाई जाएगी। पंचायतों से पैसे वापस लेने का निर्णय लिया है। इस पैसे को अन्य विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा।
नगर निगम हमीरपुर के तहत दडूही पंचायत की ओर से गृह कर लेने की बात भी सामने आई है। समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा ने बताया कि पंचायत स्तर का काम है। पंचायत देखे इसमें क्या हो सकता है।
17 लाख रुपये की बनेगी एफडी
पंचायत समिति हमीरपुर के खुले फंड की एफडी बनाने का भी निर्णय लिया गया है। समिति के पास करीब 19 लाख रुपये खुले फंड के रूप में हैं। इनेमें से 17 लाख रुपये की एफडी एक साल के लिए बनाई जाएगी, जबकि दो लाख रुपये खुले फंड के रूप में रखे जाएंगे।
पिछली बैठक में उठाई समस्याओं का नहीं हुआ हल
बैठक के दौरान पिछली बैठक में उठाई समस्याओं के हल की भी समीक्षा की गई। इस दौरान पाया गया है कि करीब 20 समस्याएं पहले की भांति पड़ी हैं। विभागीय अधिकारियों की ओर से इस पर कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा ने बताया कि नारा पंचायत में पानी की समस्या पहले की तरह है। इसका हल नहीं किया गया है। इसी तरह अन्य कई समस्याओं के हल के लिए पुन: अनुरोध किया गया।