हमीरपुर। पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को जिले की चुनावी तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी। छुट्टियों के कारण दो दिन नामांकन प्रक्रिया बंद रहने के बाद अब कई ऐसे दावेदार अपने सियासी पत्ते खोल सकते हैं, जो अब तक राजनीतिक समीकरणों और प्रतिद्वंद्वियों की रणनीति भांपने में जुटे थे।
ऐसे में अंतिम दिन कई सीटों पर मुकाबला सीधा रहने की बजाय बहुकोणीय होने के आसार हैं। अब तक जिले के कुल 1860 पदों के लिए दो दिन में 3120 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। यह प्रति सीट 1.67 फीसद है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 242 पंचायतों में प्रधान पद के लिए 652 नामांकन दर्ज हुए हैं, प्रति पंचायत औसतन 2.69 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, उपप्रधान पद के लिए 604 नामांकन प्राप्त हुए हैं। सबसे कम उत्साह अभी तक जिला परिषद सीटों पर नजर आया है।
जिले के 19 वार्डों के लिए अब तक केवल 33 नामांकन दाखिल हुए हैं, प्रति सीट औसतन 1.73 उम्मीदवार सामने आए हैं। माना जा रहा है कि कई राजनीतिक दल समर्थित और रणनीतिक प्रत्याशी अंतिम दिन नामांकन दाखिल कर मुकाबले को रोचक बना सकते हैं।
पंचायत समिति की बात करें तो जिले की छह पंचायत समितियों के 148 पदों के लिए अब तक 279 नामांकन प्राप्त हुए हैं। वहीं, वार्ड पंच के 1552 नामांकन दाखिल हो चुके हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि 9 और 10 मई को अवकाश के कारण नामांकन स्वीकार नहीं किए गए। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 11 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
पद
नामांकन
जिला परिषद
33
बीडीसी
279
प्रधान
652
उप प्रधान
604
वार्ड पंच
1552
कुल
3120
यह है चुनावी शेड्यूल
14 और 15 मई को सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। 15 मई की शाम को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 26 मई को 83 पंचायतों, 28 मई को 82 पंचायतों और 30 मई को 77 पंचायतों में मतदान होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के परिणाम उसी दिन घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सभी ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।