भवन निर्माण के लिए 33 लाख रुपये की पहली किस्त मिली, 2020 में बनी थी पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (भोरंज)। भोरंज ब्लॉक की पलपल पंचायत में अब नया भवन पंचायत सामुदायिक भवन के नाम से बनेगा। पंचायत भवन के निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए भोरंज के विधायक सुरेश कुमार 23 जनवरी को भूमि पूजन के साथ शिलान्यास करेंगे।
इसके लिए पंचायती राज विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। भोरंज ब्लॉक में वर्तमान में 39 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से पलपल पंचायत 2020 में धिरड़ पंचायत से तोड़ कर बनी है। अभी तक पंचायत भवन के अभाव के कारण पंचायत कार्यालय नगरोटा खड्ड बाजार के पास किराये के भवन में चल रहा है। स्थानीय पंचायत ने पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए बैलग और पलपल के मध्य में दो कनाल पांच मरले भूमि का चयन किया है। यह सरकारी भूमि होने के कारण तमाम औचारिकताएं पूरी करने के बाद पंचायती राज विभाग ने नाम तबदील किया।
पंचायत सामुदायिक भवन के निर्माण पर एक करोड़ चौदह लाख रुपये खर्च होंगे। इसकी 33 लाख रुपये की पहली किस्त पंचायत को मिल चुकी है। पलपल पंचायत प्रधान जोगिंद्र सिंह राणा का कहना है कि पंचायत घर के अभाव से पंचायत कार्यालय संचालन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्राम सभा को बैठक के आयोजन के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं है।
कोट
भवन का कल विधायक करेंगे शिलान्यास
पलपल में पंचायत सामुदायिक भवन का शिलान्यास 23 जनवरी को भोरंज के विधायक सुरेश कुमार करेंगे। एक करोड़ चौदह लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के निर्माण के लिए पहली किस्त 33 लाख रुपये मिल चुकी है।
-कुलवंत सिंह, खंड विकास अधिकारी, भोरंज