oxygen plant soon start in hamirpur hospital
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का ऑक्सीजन प्लांट 15 दिन में शुरू हो जाएगा। महाराष्ट्र से ऑक्सीजन प्लांट के लिए मशीनरी फरवरी माह के पहले सप्ताह में पहुंचेगी। इसके बाद मशीनरी स्थापित कर अस्पताल में ऑक्सीजन की सप्लाई सुचारु की जाएगी। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में वर्तमान में ऑक्सीजन सिलिंडरों से ही काम चलाना पड़ता है। यदि किसी मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत हो तो वार्ड में उसे सिलिंडर देना पड़ता है, जो कुछ घंटों के बाद खत्म हो जाता है। ऐसे में मरीज को बार-बार सिलिंडर बदलवाना पड़ता है।
इस कारण मरीजों और तीमारदारों को परेशानी होती है। ऑक्सीजन प्लांट लगने के बाद आईसीयू, आपातकालीन कक्ष समेत महत्वपूर्ण वार्डों में ऑक्सीजन की सप्लाई सीधे दी जाएगी। इससे मरीजों को ऑक्सीजन के लिए बार-बार तंग नहीं होना पड़ेगा।
वहीं, मेडिकल कॉलेज के 15 बिस्तर वाले कोविड वार्ड का कार्य भी अंतिम चरण पर है। जल्द ही कोविड वार्ड का कार्य भी पूरा हो जाएगा और यहां 20 वेंटिलेटर की व्यवस्था की जाएगी। कोविड वार्ड और ऑक्सीजन प्लांट का टेंडर एक करोड़ तीन लाख रुपये में हुआ है। यह राशि खर्च कर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट और कोविड वार्ड बनेगा।
लोक निर्माण विभाग कोविड वार्ड का कार्य कर रहा है। जल्द ही जिले के लोगों को मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन प्लांट और कोविड वार्ड की सुविधा मिलेगी। इस संदर्भ में मेडिकल कॉलेज के एमएस डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि इस सप्ताह महाराष्ट्र से मशीनरी आएगी। 15 दिन में ऑक्सीजन प्लांट को शुरू कर दिया जाएगा। कोविड वार्ड का कार्य भी पूरा होने वाला है। इसकी सुविधा भी जल्द ही लोगों को दी जाएगी।