सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के मुख्य बाजार में बेतरतीब ढंग से सड़कों पर सज रहे सामान के चलते एसडीएम ने नगर परिषद अधिकारी को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। उपमंडल अधिकारी ने गत दिनों बाजार का निरीक्षण किया था और नगर परिषद को भी लोगों की ज्वलंत समस्या से अवगत कराया था। नगर परिषद अतिक्रमण को लेकर आंखें मूंदे बैठी है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक ने निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। बाजार में त्योहारों के सीजन के चलते दिन प्रतिदिन चहल-पहल बढ़ती जा रही है लेकिन सड़कों में बेतरतीब ढंग से दुकानदार सामान सजा रहे हैं।
बेतरतीब तिरपाल व चारपाई से जहां यातायात प्रभावित हो रहा है, वहीं राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपमंडल अधिकारी ने अब बाकायदा लिखित तौर पर नगर परिषद को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उधर उपमंडल अधिकारी नागरिक शिल्पी बेकटा ने कहा कि नगर परिषद अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं कि वे समय-समय पर बाजार का निरीक्षण करें और लोगों को समस्या से निजात दिलाएं।