निर्माणाधीन सीवरेज कार्य के दौरान चैंबर से लीकेज होने पर लोगों द्वारा रुकवाए काम पर पहुंचे विभा?
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। नगर पंचायत नादौन के पत्तन चौक में सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने सीवरेज चैंबर का कार्य रुकवा दिया। लोगों ने चैंबर में पानी लीक होने की शिकायत की है। लोगों की सूचना पर विभाग के एसडीओ राकेश सोनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सीवरेज का कार्य कर रहे ठेकेदार के कर्मियों को भी बुलाया और कारण पूछते हुए उनकी क्लास लगाई।
मौके पर पहुंचे शहरी भाजपा इकाई अध्यक्ष राजकुमार सोंधी सहित अन्य लोगों ने सीवरेज चैंबर के हो रहे कार्य पर आपत्ति जताई है। कहा कि चैंबर की दीवार से पानी लीक हो रहा है तो दीवार कभी भी गिर सकती है। लोगों का कहना है कि सीवरेज के कनेक्शन जारी नहीं किए हैं। जांच से पता चला है कि सीवरेज चैंबर के साथ डाली गई पेयजल आपूर्ति पाइप में से लीकेज हो रही है। उधर, एसडीओ राकेश सोनी ने उसे तुरंत ठीक करने के निर्देश दिए और सीवरेज का कार्य करवा रहे कर्मियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि सारा कार्य गुणवत्ता के आधार पर ठीक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान कहीं भी खोदाई करने से पूर्व विभाग को सूचित करना अनिवार्य होगा। जहां-जहां कार्य हो चुका है, वहां उखाड़ी गई गलियों को साथ-साथ पक्का किया जाए। उधर, एसडीओ राकेश सोनी ने कहा कि लोगों की शिकायत का समाधान कर दिया गया है तथा सीवरेज कार्य करवा रहे ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।