हमीरपुर। कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे राजकीय और निजी पाठशालाओं के विज्ञान संकाय के बच्चों के लिए प्रेरणादायक सत्र (मोटिवेशन सेशन) का आयोजन बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) में उपायुक्त हरिकेश मीणा की अध्यक्षता में किया गया। इस सत्र में बच्चों के प्रतिस्पर्धात्मक गुणों को विकसित करने पर जोर दिया गया ताकि, वे आगामी अप्रैल/मई, 2020 में होने वाली जेईई मुख्य परीक्षा तथा नीट परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस सत्र में जिले की विज्ञान संकाय वाली 30 राजकीय और निजी पाठशालाओं के लगभग 200 बच्चों ने भाग लिया।
उपायुक्त मीणा ने कहा कि इस सत्र को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जनवरी 2020 में आयोजित जेईई मुख्य परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को जेईई एडवांस के लिए तैयार करना तथा इस परीक्षा में 70 या इससे अधिक पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले बच्चों को आगामी अप्रैल 2020 में होने वाली जेईई मुख्य परीक्षा के लिए और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना है। जेईई मुख्य परीक्षा में बेहतर पर्सेंटाइल वाले बच्चों को जेईई एडवांस के लिए विशेष कोचिंग दी जाएगी। सत्र में नीट की तैयारी कर रहे ऐसे बच्चों को भी शामिल किया गया जो कि कायाकल्प के जनवरी 2020 में हुए मॉक टेस्ट में टॉप 100 में शामिल रहे हैं। उन्हें आगामी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया जाएगा। सत्र के दौरान विषय विशेषज्ञों ने छात्रों को आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की समयसारिणी, पाठ्यक्रम, समय प्रबंधन इत्यादि के बारे में भी जानकारी प्रदान की। प्रेरणादायक वीडियो का प्रदर्शन तथा प्रश्न सत्र के माध्यम से बच्चों की शंकाओं का भी निदान किया गया। उन्हें ग्रुप बनाकर तैयारियां करने के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) जसवंत सिंह, उपनिदेशक (निरीक्षण) अजय पटियाल, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य जीएस तोमर, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील चौहान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) की प्रधानाचार्य मंजु ठाकुर, डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य विश्वास कुमार, हिम अकादमी के पंकज लखनपाल सहित अन्य विषय विशेषज्ञ उपस्थित रहे।