क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में अगले हफ्ते से मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी।
- फोटो : file photo
क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में अगले हफ्ते से मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ न होने से बीते तीन माह से ऑपरेशन बंद थे। हालांकि, अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति के आदेश हो चुके हैं।
अगले सप्ताह वह अस्पताल में ज्वाइन कर लेंगे। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ के दो पद स्वीकृत हैं। एक पद सालों से खाली है जबकि दूसरे विशेषज्ञ की तीन माह पहले पदोन्नति हो गई।
इसके चलते बीते तीन माह से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ का पद खाली चल रहा था। इस अवधि में क्षेत्रीय अस्पताल में कोई ऑपरेशन नहीं हो पाया है। ‘अमर उजाला’ ने समस्या को ‘क्षेत्रीय अस्पताल में तीन माह से ऑपरेशन बंद’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया।
समाचार प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य महकमे ने बिलासपुर अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ का तबादला क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर कर दिया है। ऑपरेशन के लिए अब मरीजों को टांडा या पीजीआई नहीं दौड़ना पड़ेगा।
दो माह पहले होनी थी नियुक्ति
क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में तीन एनेस्थीसिया विशेषज्ञ हैं। इनमें से एक हमीरपुर निवासी है जो क्षेत्रीय अस्पताल में आने का इच्छुक था। उसने बाकायदा स्वास्थ्य विभाग से हमीरपुर के लिए तबादले की सिफारिश भी की, लेकिन एनेस्थीसिया विशेषज्ञ को डेपुटेशन पर केलांग भेज दिया गया। डेपुटेशन पर विशेषज्ञ का दो माह का कार्यकाल पूरा हो गया है। क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर के लिए तबादला भी हो गया है। अगर विशेषज्ञ को डेपुटेशन पर नहीं भेजा जाता तो दो माह पहले नियुक्ति हो जानी थी।
एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति के आदेश आ गए हैं। जल्द ही क्षेत्रीय अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की नियुक्ति हो जाएगी।
- डॉ. अर्चना सोनी, एसएम, क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर