जाहू (हमीरपुर)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाहू में स्वास्थ्य सेवाएं सुविधाओं के अभाव में बाधित हो रही हैं। पीएचसी में ऑपरेशन थियेटर और रोगी वार्ड बनाने की योजना तो बनी, लेकिन बजट की मंजूरी न मिलने से यह अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई है।
पांच माह पहले विभाग ने पुराने चार कमरों वाले भवन को बिना बजट प्रावधान के ही डिस्मेंटल कर दिया। इस भवन में दंत चिकित्सक, स्वास्थ्य सुपरवाइजर, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्टोर का कमरा था। इनके लिए अब दूसरी इमारत में वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के चारों ओर चारदीवारी न होने से भी अव्यवस्था बनी रहती है। ग्रामीणों ने मांग उठाई है कि ऑपरेशन थियेटर और रोगी वार्ड के निर्माण के लिए जल्द बजट स्वीकृत कर कार्य शुरू किया जाए।
खंड चिकित्सा अधिकारी भोरंज डॉ. ललित कालिया ने बताया कि प्रस्ताव उच्च अधिकारियों को भेजा गया है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से बजट स्वीकृति नहीं मिली है। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।