उपमंडल के वटराण पंचायत के साई पुखर निवासी जसवंत प्रेमी ने गुलाब के फूलों की उन्नत किस्म के एक हजार पौधे तैयार किए हैं। यह पौधे कुछ दिनों बाद फूलों का शौक रखने वालों को निशुल्क बांटे जाएंगे। जसवंत प्रेमी ने बताया कि इन फूलों की कलमों को चंडीगढ़, ऊना तथा धर्मशाला से लेकर आए हैं।
उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही फलों, फूलों और सजावटी पौधे लगाने का शौक है। इस कार्य में परिवार का भी उन्हें पूरा सहयोग मिला है। इस कारण उन्होंने अपनी भूमि में अनेक दुर्लभ किस्म के फल-फूलों के पौधे लगाए हैं जिन्हें देखने के लिए लोग पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि वे लोगों को निशुल्क फूलों के पौधे वितरित करेंगे जिससे पर्यावरण शुद्ध एवं हरा-भरा रहे। उन्होंने अपनी बनाई नर्सरी में मोलासिरी, हरी चंपा, पेरोकैरीयर, अशोका, गोल्डन शावर, साईक्स, लवलीना, कांव-पान, फिशरी पांव, चायना पांव, वोटल पांव, वोगन बेंले सभी रंगों के गुलाब विभिन्न प्रकार के कैक्टस और 500 से अधिक फूलों की किस्में उगाई हैं। साथ ही कई फलों के पौधे भी लगाए हैं।