नर्सरी से लेकर पांचवीं तक की कक्षाओं की पढ़ाई हो रही प्रभावित
अभिभावकों ने स्कूल में दो शिक्षकों की तैनाती की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला तलाई जाहू में शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हालत यह है कि 29 छात्र संख्या वाली इस पाठशाला में नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं के के लिए मात्र एक ही अध्यापिका तैनात हैं। इस कारण स्कूल में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस कारण अभिभावकों में शिक्षा विभाग के प्रति रोष है। अभिभावकों का तर्क है कि कुछ स्कूलों में पांच से दस बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन वहां पर दो से तीन अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं।
हालांकि स्कूल में मिड डे मील में दो कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्कूल में सफाई कर्मचारी भी नहीं है। कमरों में सफाई का कार्य भी मिड डे मील कर्मचारी कर रहे हैं। अभिभावकों ने सरकार से जल्द से जल्द दो शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई है। अभिभावकों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सरकार यहां पर जल्द शिक्षकों की तैनाती करें ताकि उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके।
कोट
राजकीय प्राथमिक पाठशाला तलाई जाहू में 20 दिसंबर 2024 से एक अध्यापिका नर्सरी से पांचवीं कक्षा के छात्रों को पढ़ा रही हैं। एक अध्यापिका 20 दिसंबर से डेपुटेशन पर दूसरे स्कूल में पढ़ाने के लिए चली गई हैं।
-अनीता शर्मा, केंद्रीय मुख्य शिक्षक