निजी भूमि होने के दावे के बाद उलझा सुजानपुर में पैराग्लाइडिंग स्पॉट का निर्माण कार्य
11 माह बाद भी अधर में लटकी है प्रक्रिया, पैराग्लाइडिंग स्पॉट को खुला करने की थी योजना
प्रथम चरण में किले के साथ की जगह को मिट्टी डालकर किया जा चुका है समतल
संवाद न्यूज एजेंसी
सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर उपमंडल में प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग साइट (टेक ऑफ स्पॉट) का निर्माण कार्य निशानदेही की बाधा में उलझ गया है। 11 माह बाद भी स्पॉट में डंगा लगाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में यहां पर मानव परिंदों की उड़ान सरकारी फाइलों में उलझकर रह गई है। टेक ऑफ स्पॉट का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही यहां से उड़ानें भरी जा सकेंगी।
पर्यटन विभाग की ओर से ट्रायल के तौर पर स्पॅाट से दो बार पैराग्लाडरों से उड़ानें भरवाई गई हैं ताकि जगह की रिपोर्ट तैयार की जा सके। उड़ानें भरने के बाद पैराग्लाडरों ने टेक ऑफ स्पॉट को खुला करने का सुझाव दिया था ताकि यहां से टेक ऑफ करने में कोई परेशानी न हो और उड़ान भी आसान हो।
ट्रायल के बाद खंड विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से प्रथम चरण में छह लाख रुपये का बजट खर्च कर भूमि को समतल किया गया। खाली जगह पर मिट्टी भरकर टेक ऑफ स्पॉट को चौड़ा किया गया है। अब दूसरे चरण में स्पॉट के साथ डंगा, रेलिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए विभाग के पास दो लाख रुपये का बजट उपलब्ध है, लेकिन निजी भूमि के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ऐसे में राजस्व विभाग को भूमि की निशानदेही के लिए पत्राचार किया है। हालांकि अभी तक निशानदेही की फाइल सरकारी कार्यालय में धूल फांक रही है। ऐसे में निर्माण कार्य अधर में है।
कोट्स
सुजानपुर किले के पास टेक ऑफ स्पॉट पर दो लाख रुपये से अतिरिक्त कार्य प्रस्तावित हैं। निशानदेही प्रक्रिया के बाद कार्य शुरू करवाया जाएगा। इसके बाद पैराग्लाइडरों को टेक ऑफ स्पॉट पर उड़ान भरने में परेशानी नहीं होगी।- किशोरी लाल, खंड विकास अधिकारी सुजानपुर
खंड विकास कार्यालय की ओर से जमा करवाए गए दस्तावेज पर्याप्त नहीं हैं। स्पॉट पर निजी भूमि का दावा करने वाले भूमि मालिकों के आपत्ति पत्र, भूमि दस्तावेजों की एनओसी जमा होने के बाद निशानदेही की प्रक्रिया शुरू करवाई जाएगी।-प्रवीण कुमार तहसीलदार सुजानपुर
बाक्स
पैराग्लाइडिंग स्पॉट बनने से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
उपमंडल सुजानपुर में स्थित चार धामों आदि दुर्गा, शिव धाम, राम धाम और कृष्ण धाम में हजारों लोग घूमने आते हैं। ऐसे में सुजानपुर को पर्यटन की दृष्टि से अतिरिक्त विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से सुजानपुर के ऐतिहासिक किले के साथ पैराग्लाइडिंग टेक ऑफ स्पॉट बनवाया जा रहा है। सुजानपुर के अतिरिक्त जिला हमीरपुर में पैराग्लाइडिंग करने के लिए कोई भी स्पॉट नहीं है। ऐसे में स्पॉट के बनने से सुजानपुर में पर्यटन की नई संभावनाएं विकसित होंगी।