हमीरपुर। जिले में कोरोना की जंग जीतने वाले लोगों की संख्या वीरवार शाम को 212 तक पहुंच गई। वीरवार शाम को जिला के एक और संक्रमित व्यक्ति की फॉलोअप रिपोर्ट निगेटिव आई। उपायुक्त हरिकेश मीणा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमित लोग तेजी से ठीक हो रहे हैं। कोविड केयर सेंटरों में उपचाराधीन लोगों को बेहतरीन सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमण के एक्टिव मामलों की संख्या अब 53 रह गई है। इनमें से 50 लोग एनआईटी परिसर में स्थापित जिला कोविड केयर सेंटर में उपचाराधीन हैं। एक संक्रमित व्यक्ति जिला कोविड केयर स्वास्थ्य केंद्र भोटा में दाखिल है। 2 संक्रमित मरीज नेरचौक रेफर किए गए हैं, जबकि 3 की मौत हो चुकी है। डॉ. सोनी ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों से नियमित रूप से सैंपल लिए जा रहे हैं। बुधवार को जिले के विभिन्न ब्लॉकों से लिए गए कुल 121 सैंपलों को वीरवार को जांच के लिए भेजा गया है। इनमें कोविड केयर सेंटर एनआईटी से 7, भोरंज से 4, बड़सर 21, टौणी देवी 36, सुजानपुर 15, नादौन 12, गलोड़ 18 और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर से 8 सैंपल भेजे गए हैं।