हमीरपुर। पुलिस चौकी भोटा के तहत खांसरा में एक बकरी की हत्या कर दी गई और दो बकरियां चोरी हो गईं। चोरों ने पशुशाला में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया। गांव निवासी करनैल सिंह की पशुशाला में यह घटना हुई।
इस घटना से क्षेत्र में भारी रोष है। जिस बकरी को पशुशाला में मारा गया, वह गर्भवती थी। घटना को लेकर भोटा पुलिस चौकी में मामला दर्ज करवाया गया। वहीं, बकरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हलाल किए जाने तथा गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।
इस घटना पर बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा तथा जिला परिषद सदस्य राजेश मांगा ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मामला दर्ज होने के बाद यह मामला केवल चोरी नहीं, बल्कि घोर पशु क्रूरता और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती है।
जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा उनके विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा चलाया जाए। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है तथा छानबीन जारी है।