जलाड़ी में हुए सड़क हादसे की जांच करते पुलिस कर्मचारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत जलाड़ी गांव में ट्राले और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान सुरजीत कुमार (47) पुत्र ब्रह्म दास निवासी गांव भूंपल उपमंडल नादौन जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। सुरजीत कुमार शुक्रवार को अपनी बाइक पर सवार होकर नादौन की तरफ जा रहा था।
नादौन हमीरपुर एनएच से मुड़ने वाले जलाड़ी से फतेहपुर संपर्क मार्ग में कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे ट्राले से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में सुरजीत ट्राले की तरफ गिर पड़ा और ट्राले से उसकी आंख के पास गहरी चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, बाइक सवार ने हेलमेट भी पहन रखा था। ट्राला गैस एजेंसी की सप्लाई के लिए जा रहा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज राणा व यातायात प्रभारी नरेश कुमार मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुरजीत नादौन में एक दुकान पर कार्य करता था। इस संबंध में थाना प्रभारी नीरज राणा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर इसे परिजनों को सौंप दिया गया है। मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।