हमीरपुर। जिला मुख्यालय में मंगलवार को तीसरे दिन नाममात्र पेयजल आपूर्ति हो सकी। पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। बिजली ट्रांसफार्मर में पर्याप्त वोल्टेज न होने के कारण प्लाही स्थित पेयजल योजना से पानी को लिफ्ट करने के लिए स्थापित तीन में से दो ही मोटरें कार्य कर रही हैं। वहीं, बीच-बीच में बिजली का कट भी लग रहा है। जिस कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है।
प्लाही पेयजल योजना के बिजली ट्रांसफार्मर में तकनीकी खामी आने के बाद सुजानपुर के जाखू से बिजली का ट्रांसफार्मर विस्थापित किया गया, जिसे अब विभागीय कर्मचारियों ने प्लासी में स्थापित किया है। मगर अभी तक दिक्कत समाप्त नहीं हुई है। मंगलवार सुबह भी महज एक घंटे के लिए थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पेयजल उपलब्ध हो पाया। वहीं मकानों के दूसरे और तीसरे तल पर रहने वाले लोगों तक पानी नहीं पहुंचा। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता सुखदेव ने कहा कि मंगलवार को पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई।
उधर, बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन और उससे होने वाले नुकसान का क्रम जारी है। बारिश के कारण जिला में पांच कच्चे मकान, पांच पशुशालाएं और दो डंगे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसमें कुल 4,57,300 रुपये का नुकसान आंका गया है। वहीं लोनिवि को 2,13,90,000 रुपये, जल शक्ति विभाग को 16,25,00000, बिजली बोर्ड को 1,80,000 रुपये का नुकसान हुआ।